तखरऊ नहर कांड ने अब हाई वोल्टेज मोड़ ले लिया है। लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर जाम और हंगामे के मामले में कुर्रा थाना पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए 4 नामजद समेत करीब 150-200 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
कुर्रा मैनपुरी

कुर्रा/मैनपुरी।
तखरऊ नहर कांड ने अब हाई वोल्टेज मोड़ ले लिया है। लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर जाम और हंगामे के मामले में कुर्रा थाना पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए 4 नामजद समेत करीब 150-200 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
पुलिस के अनुसार जाम लगाने और सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने के आरोप में राज कुमार यादव समेत अन्य के खिलाफ बीएनएस की धारा 191, 190, 223, 126(2), 131, 352, 351(3), 121(1), 132, 324(4) तथा आपराधिक कानून की धारा 7, सरकारी संपत्ति नुकसान अधिनियम की धारा 2, सार्वजनिक संपत्ति नुकसान की धारा 3 और राष्ट्रीय राजमार्ग नुकसान अधिनियम 8(B) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
क्या है पूरा मामला
बीते 12 फरवरी को किशनी-करहल मार्ग स्थित तखरऊ नहर पुल से एक युवक ने छलांग लगा दी थी। उसे बचाने के लिए आसपास के लोग नहर में उतरे, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसी दौरान गांव सड़ निवासी मछुआरे राजू कश्यप ने खुद को कुशल तैराक बताते हुए नहर में छलांग लगा दी, लेकिन वह भी डूब गया।
छह दिन तक तलाश के बाद भी कोई सुराग न मिलने पर परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। करीब 200 से अधिक लोग, जिनमें महिलाएं भी शामिल थीं, ने एक्सप्रेसवे पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
तोड़फोड़ और धक्का-मुक्की का आरोप
थाने में तैनात उपनिरीक्षक विजेंद्र सिंह की तहरीर पर दर्ज रिपोर्ट में आरोप है कि जाम खुलवाने के दौरान प्रदर्शनकारियों ने पुलिसकर्मियों से धक्का-मुक्की की, गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। इतना ही नहीं, तखरऊ चेकपोस्ट में घुसकर कुर्सियां तोड़ते हुए सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया गया।
पुलिस ने अतुल कश्यप, राज कुमार उर्फ राजू यादव, विनय कश्यप और विकास समेत अन्य को नामजद किया है।
बताया जा रहा है कि नहर में कूदे युवक का शव 14 फरवरी की शाम को इटावा जनपद में बरामद हुआ था। फिलहाल पुलिस ने मामले में कार्रवाई तेज कर दी है और आरोपितों की तलाश जारी है।



